दुनिया में प्रति व्यक्ति औसतन 422 पेड़ के स्थान पर भारत में केवल 28 वृक्ष हैं – ग्रीनमैन बघेल

Spread the love

रिपोर्ट- अमित सैनी/रायवाला

हरिद्वार परिपाटी न्यूज। ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन की वैश्विक समस्या का स्थाई समाधान हरित क्षेत्र बढ़ाने में ही निहित है, दुनिया में घटती हरियाली ही तो प्राकृतिक आपदाओं को निमंत्रित कर रही है। कोविड जैसी महामारी वायुमंडल में सिमटती ऑक्सीजन के कारण ही फैलती हैं। विश्व के लगभग 200 देशों में प्रति व्यक्ति पेड़ का औसत 422 है जबकि भारत जैसे प्रकृति समृद्ध देश में यह आंकड़ा बहुत कम होकर केवल 28 है इसी लिए हमारे देश में 18 लाख लोग प्रतिवर्ष सांस में शुद्ध ऑक्सीजन न मिलने के कारण प्रदूषण की वजह से अकाल मौत से मर रहे हैं। हरिद्वार के जगजीतपुर क्षेत्र में स्थित अचीवर होम स्कूल में आयोजित हरेला सम्मेलन

को संबोधित करते हुए हरितऋषि विजयपाल बघेल (ग्रीनमैन ऑफ इंडिया) ने अपने संबोधन में व्यक्त किए। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि वन संपदा का दोहन इसी तरह होता रहा तो धरती शीघ्र ही आग का गोला बन जायेगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य डा एस सरकार की अध्यक्षता तथा जूनियर विंग प्रधानाध्यापक लोकेश कुमार के संचालन में आयोजित हरेला सम्मेलन आयोजित कर पर्यावरणप्रेमी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जिन्होंने हरेला अभियान में योगदान दिया। हरेला सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर ग्रीनमैन विजयपाल बघेल ने बताया कि हरेला लोकपर्व -24 के तहत 6 जुलाई से नियमित रूप से वृक्ष दिवस अभियान चलाया जा रहा है जिसने जन जागरण करके पेड़ के प्रति अपनत्व का रिश्ता स्थापित

करने में अहम भूमिका निभाई है। भारतीय वृक्ष न्यास के संरक्षक जगदीश लाल पाहवा ने अधिकाधिक पौधारोपण करने पर बल देते हुए कहा कि ट्री ट्रस्ट ऑफ इंडिया द्वारा प्रति दिन पौधरोपण करके प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के जिला संयोजक प्रमोद शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हमें अब तो सचेत हो जाना चाहिए और प्रकृति की रक्षा के कार्य को सर्वाधिक महत्वपूर्ण मानना चाहिए। विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए राकेश अरोड़ा पाहवा ने कहा कि हरेला उत्तराखंड का लोकपर्व ही नहीं अपितु भारतीय संस्कृति में प्रकृति संरक्षण का परंपरागत माध्यम है। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सेवा प्रमुख अनिल भारतीय ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सजग रहने का आव्हान करते हुए अपने विचार व्यक्त किए और पेड़ लगाने के साथ पानी बचाने का संकल्प दिलाया। पूर्व में आयोजित हरेला रैली का सफल संचालन करने वाले तथा अन्य पर्यावरणीय गतिविधियों का नेतृत्व करने वाले 12 विद्यार्थियों को इस अवसर पर पुरस्कृत किया गया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रधानाचार्य डा एस सरकार ने कहा कि अचीवर होम स्कूल प्रकृति सुरक्षा के प्रति हमेशा सजग रहता है। उन्होंने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ट्री ट्रस्ट ऑफ इंडिया अपने पर्यावरणीय हर अभियान का हिस्सा हमारे विद्यालय को बनाता हैं। जूनियर विंग प्रधानाचार्य लोकेश कुमार ने अचीवर होम स्कूल द्वारा आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाए तथा हजारों की संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। हरेला सम्मेलन का शुभारंभ पौधारोपण करके किया गया जिसमें विद्यार्थी अर्णव ने अपने जन्मदिवस के उपलक्ष में पौधा लगाकर अन्य साथियों को भी अपने जन्मदिन पर पौधा लगाने का संदेश दिया।